Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

स्व. राजीव यादव के परिजनों से बात करते पूर्व मंत्री अशोक यादव
ETAWA NEWS: नगर पालिका परिषद के वरिष्ठ लिपिक राजीव यादव की आत्महत्या के मामले में शिकोहाबाद के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री अशोक यादव अपने समर्थकों के साथ दिवंगत राजीव यादव के आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और हर स्तर पर साथ देने का आश्वासन दिया। मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री अशोक यादव ने आरोप लगाया कि राजीव यादव को समाजवादी पार्टी की नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति गुप्ता और उनके पति कुलदीप गुप्ता उर्फ संटू समेत अन्य लोगों ने प्रताड़ित किया था, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस मामले पर चुप्पी साधे रहा, तो वे स्वयं विधानसभा में जाकर पीड़ित परिवार की लड़ाई लड़ेंगे। पूर्व मंत्री ने इस मौके पर सैफई परिवार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज इटावा को दूसरे दर्जे का बना दिया गया है, जबकि सैफई को हमेशा आगे रखा जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इटावा को उसका हक और दर्जा मिलना चाहिए। श्री यादव ने घोषणा की कि यह सिर्फ राजीव यादव के परिवार की लड़ाई नहीं है, अब यह मेरी अपनी लड़ाई है। मैं इस परिवार के साथ हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक की लड़ाई लडूंगा। मीडिया से बातचीत में अशोक यादव ने चेतावनी दी कि अगर समाजवादी पार्टी के मुखिया ने पीड़ित परिवार से मुलाकात नहीं की, तो आने वाले विधानसभा चुनाव में वे सपा के खिलाफ उतरकर उन्हें रोकने का प्रयास करेंगे.