प्रतापगढ़ में डीएम का औचक निरीक्षण, सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांच के निर्देश

प्रतापगढ़। जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने सोमवार शाम क्षेत्र का दौरा किया। करीब पांच बजे उन्होंने पट्टी तहसील के मनैतापुर गांव में चल रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

यह सड़क निर्माण कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) की ओर से त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की स्थिति के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।

निर्माण सामग्री का सैंपल जांच के लिए भेजा

सड़क निर्माण को लेकर मिली शिकायत के बाद डीएम ने मौके पर निर्माण सामग्री का नमूना लिया। उन्होंने अधिकारियों को इस सैंपल को गुणवत्ता परीक्षण के लिए पीडब्ल्यूडी की प्रयोगशाला में भेजने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी धन से कराए जा रहे निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है। गुणवत्ता में कमी या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भूमिहीन महिला के मामले की भी जांच

इसके बाद जिलाधिकारी उतरास गांव पहुंचे, जहां उन्होंने भूमिहीन रेखा मिश्र पत्नी राजन मिश्र से जुड़े मामले का मौके पर जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लेखपाल को नियमानुसार महिला को भूमि का पट्टा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

डीएम ने दान में मिली भूमि पर महिला को तत्काल कब्जा दिलाने और तीन दिनों के भीतर आवास निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने को भी कहा।

आपदा राहत का लाभ दिलाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पात्र परिवारों को आपदा राहत कोष से अहेतुक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं और राहत संबंधी सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *