बम्बा किनारे मिला युवक का सड़ा-गला शव

पहचान और मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

आटा,जालौन। आटा थाना क्षेत्र के भदरेखी-उकासा बम्बा किनारे उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक युवक का सड़ा-गला शव देखा। शव के मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। शव पर लाल रंग की शर्ट व लोअर पहना हुआ था। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। पुलिस का अनुमान है कि लाश लगभग दस दिन पुरानी है। सूचना पाकर आटा थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके से मिट्टी, कपड़े व अन्य संदिग्ध सामग्रियां एकत्र कर सुरक्षित कर ली हैं। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी दर्ज मामलों की तलाश कर रही है और मृतक की तस्वीरें गांवों व सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कई लोग इसे हत्या मान रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *