Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

विजयादशमी उत्सव पर शस्त्र पूजन के साथ किया पथ संचलन
PRATAPGARH NEWS: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रतापगढ़ नगर के अंतर्गत अभिमन्यु बस्ती द्वारा आयोजित ‘विजयादशमी उत्सव’ के अवसर पर शस्त्र पूजन और पथ संचलन किया गया। इस वर्ष विजयदशमी उत्सव के अवसर पर आरएसएस अपने स्थापना के सौ वर्ष पूरे होने का जश्न भी मना रहा है। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता काशी के प्रांत प्रचारक प्रमुख रामचंद्र ने कहा कि हम सभी का सौभाग्य है कि हम सब संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम के साक्षी बने हैं।उन्होंने कहा कि सशक्त और एकजुट हिंदू समाज ही देश की सुरक्षा और अखंडता की गारंटी है। समारोह के दौरान उन्होंने बताया कि विविधता और हमारी संस्कृति का पूर्ण स्वीकार और सम्मान जो हम सभी को एक सूत्र में बांधती है, वही राष्ट्रवाद है, जिसे हम हिंदू राष्ट्रवाद कहते है। हमारे यहाँ कभी भी राष्ट्र-राज्य की अवधारणा नहीं रही। हमारी संस्कृति ही हमारे राष्ट्र का निर्माण करती है। राज्य आते-जाते रहते हैं, लेकिन राष्ट्र सदैव बना रहता है। यही हमारा प्राचीन हिंदू राष्ट्र है। हमने हर प्रकार के उत्थान-पतन देखे हैं, हमने गुलामी देखी है, हमने आज़ादी देखी है, लेकिन हम इन सबसे उबरकर आए हैं। हिंदू समाज एक ज़िम्मेदार समाज है। हिंदू समाज हमेशा से ‘हम और वे’ की इस मानसिकता से मुक्त रहा है।
उन्होंने कार्यक्रम में पांच परिवर्तन के संदर्भ में भी लोगों को अवगत कराया। जिसमें स्व का बोध अर्थात स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण, सामाजिक समरसता एवं कुटुम्ब प्रबोधन।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मानना है कि पंच परिवर्तन कार्यक्रम को सुचारू रूप से लागू कर समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। स्व के बोध से नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होंगे। नागरिक कर्तव्य बोध अर्थात कानून की पालना से राष्ट्र समृद्ध व उन्नत होगा। सामाजिक समरसता व सद्भाव से ऊंच-नीच जाति भेद समाप्त होंगे। पर्यावरण से सृष्टि का संरक्षण होगा तथा कुटुम्ब प्रबोधन से परिवार बचेंगे और बच्चों में संस्कार बढ़ेंगे। समाज में बढ़ते एकल परिवार के चलन को रोक कर भारत की प्राचीन परिवार परंपरा को बढ़ावा देने की आज महती आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधांशु त्रिपाठी ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर संघ चालक जगदंबा सिंह, जिला कार्यवाह हेमंत,विभाग व्यवस्था प्रमुख गिरजा शंकर, जिला संपर्क प्रमुख डॉ रंगनाथ शुक्ला, नगर कार्यवाह अंकित श्रीवास्तव,सहनगर कार्यवाह सुमित द्विवेदी,जिला प्रचार प्रमुख अंकुर श्रीवास्तव, सह जिला सेवा प्रमुख राजेश जायसवाल, नगर धर्म जागरण प्रमुख राघवेंद्र प्रताप सिंह, नगर कुटुंब प्रबोधन प्रमुख विजय पटेल, प्रियांक श्रीवास्तव ,नगर व्यवस्था प्रमुख शिवकुमार सोनी, नगर सेवा प्रमुख सावन, जिला व्यवस्था प्रमुख नितेश खंडेलवाल, दिनेश अग्रहरि, शाखा कार्यवाह नरेंद्र जी सी. पी.सिंह, एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री अनिल, आयुष आदि स्वयं सेवक उपस्थित रहे।