दशहरे पर शिक्षामित्रों-अनुदेशकों को न्याय मिले: प्रवीण पाण्डेय बुंदेलखंडी

बीटीसी/टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को स्थायी नियुक्ति और अच्छे मानदेय की उठाई आवाज

FATEHPUR NEWS: दशहरे के पावन पर्व पर शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की समस्याओं को लेकर बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय बुंदेलखंडी ने मांग की है कि बीटीसी/टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को प्राथमिक शिक्षक पद पर स्थायी नियुक्ति दी जाए और सभी कार्यरत शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम ₹35,000/- मासिक किया जाए। पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के विद्यालयों में वर्षों से कार्यरत शिक्षामित्र निष्ठा और परिश्रम से सेवा दे रहे हैं। इनमें से कई शिक्षामित्र बीटीसी व टीईटी उत्तीर्ण कर चुके हैं, बावजूद इसके उन्हें स्थायी नियुक्ति नहीं मिली है। वहीं संविदा पर कार्यरत शिक्षामित्रों का मानदेय वर्तमान महँगाई में बेहद कम है, जिससे उनके परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों को भी स्थायी किया जाए तथा उनका मानदेय शिक्षामित्रों के समान न्यूनतम ₹35,000/- मासिक तय किया जाए। इसके साथ ही शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को सेवा-लाभ जैसे भविष्य निधि, चिकित्सा सुविधा और अवकाश आदि भी प्रदान किए जाएँ। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का पर्व है। ऐसे में इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था को संवारने वाले शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को न्याय दिलाना ही वास्तविक विजय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *