12 दिन बाद नाले से मिला लापता वृद्ध का शव, केवल कंकाल ढांचा बचा देखकर दंग रह गए ग्रामीण

SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुजहना गांव में शुक्रवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब बारह दिनों से लापता वृद्ध का शव गांव के पूरब स्थित नाले से बरामद हुआ। शव की हालत इतनी खराब थी कि केवल कंकालनुमा ढांचा ही बचा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मुजहना गांव निवासी हीरा (75) पुत्र मोलहु 12 दिन पूर्व रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने आसपास के गांवों व रिश्तेदारों के यहां लगातार खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को गांव के एक व्यक्ति ने नाले के पास चप्पल और कपड़ा देखा, जिससे ग्रामीणों को शक हुआ। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ पहुंचे और पुलिस और ग्रामीणों की मदद से नाले में तलाश कराई। तलाशी के दौरान नाले से वृद्ध का शव बरामद हुआ, जिसकी स्थिति पहचान योग्य नहीं थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के अनुसार वृद्ध कई दिनों से लापता थे और घरवाले स्वयं तलाश में लगे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *