Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पकड़िहवा के टोला मिथवनिया गांव में शुक्रवार की रात 70 वर्षीय तुलसीराम निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वे रोज की तरह शराब पीकर घर लौटे और नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगे। बहू ने रोकने की कोशिश की तो वे नाराज होकर घर से निकलकर बंधे की ओर चले गए। बारिश और फिसलन के कारण वे गिर पड़े। परिवार ने उन्हें किसी तरह घर लाकर लिटाया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मौत के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं कि मृतक के बेटे ने उनके हाथ-पैर बांध रखे थे, जबकि कुछ का कहना है कि यह बातें दुश्मनी वश फैलाई जा रही हैं। छोटे बेटे विजय पाल निषाद ने इस संबंध में थाने पर तहरीर दी है। गांव वालों का कहना है कि तुलसीराम अक्सर शराब पीकर घर में विवाद करते रहते थे, जिससे परिवार में तनाव बना रहता था। थानाध्यक्ष ढेबरुआ नरायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि रात में ही मृतक के पुत्र विजय पाल निषाद ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।