सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सीजेआई पर जूता फेंकने की कोशिश की

जस्टिस गवई बोले- इन चीजों का मुझ पर कोई असर नहीं

DEHLI NEWS: सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई की अदालत कक्ष संख्या 1 में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई जब एक बुजुर्ग वकील ने मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की कोशिश की। सुप्रीम कोर्ट के सुरक्षा कर्मचारियों ने तुरंत वकील को काबू कर लिया। बाहर निकाले जाने के दौरान वकील ने कहा, “सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।” इस दौरान न्यायमूर्ति गवई शांत रहे और सुनवाई जारी रखी। सुप्रीम कोर्ट की सुरक्षा शाखा ने घटना की पुष्टि की है। वकील को हिरासत में लेकर सुप्रीम कोर्ट के सुरक्षा कक्ष में रखा गया। दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी इस वक्त सुप्रीम कोर्ट में हैं। नई दिल्ली जिले के डीसीपी और सुप्रीम कोर्ट सुरक्षा के डीसीपी से फिलहाल जवाब तलब हो रहा है।
सीजेआई बोले- इन चीजों का मुझ पर असर नहीं
घटना के बाद मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने खुली अदालत में कहा कि इन चीजों का मुझपर असर नहीं होता है। यह घटना उस समय हुई जब मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ मामलों की सुनवाई कर रही थी। सूत्रों ने बताया कि आरोपी वकील मंच के पास गया और कोई चीज न्यायाधीश गवई पर फेंकने की कोशिश की। हालांकि, अदालत में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप किया और वकील को काबू कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *