Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा0) परीक्षा तथा एसीएफ/आरएफओ सेवा (प्रा) परीक्षा–2025 को सकुशल, सूचितापूर्ण, नकलविहीन, पारदर्शिता से सम्पन्न कराया जाय–डीएम
FATEHPUR NEWS: उ0प्र0 लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) प्रयागराज द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा0) परीक्षा तथा एसीएफ/आरएफओ सेवा (प्रा) परीक्षा–2025 की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों/सह केन्द्र व्यवस्थापक के साथ बैठक सम्पन्न हुई। उ0प्र0 लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित होने वाली सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रा0 परीक्षा को सकुशल, सूचितापूर्ण, पारदर्शिता से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत आयोग द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का भली भांति अध्ययन करते हुए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता के साथ करते हुए परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराएं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट व केन्द्र व्यवस्थापक संयुक्त रूप से परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करा लें साथ ही इस आशय का प्रमाण पत्र दें कि परीक्षा पूर्व सभी तैयारियां/व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट से कहा कि अपने परीक्षा केन्द्रों के आवागमन के मार्ग को देख लें साथ ही वैकल्पिक मार्ग को भी देख लें। आयोग के दिशा निर्देशानुसार परीक्षा के तीन दिन पूर्व कक्ष निरीक्षकों का प्रशिक्षण करा लें, कार्यदाई संस्थाएं सीसीटीवी कैमरे व तकनीकी व्यवस्थाएं पूर्ण करे लें। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए रेलवे, रोडवेज, विद्युत, परिवहन, होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा लें ताकि अभ्यर्थियों को कोई समस्याएं न हो। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि आयोग के दिशा निर्देशानुसार सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। आयोग द्वारा नियुक्त किए गए परीक्षा समन्वयी आशीष रॉबर्ट्स ने परीक्षा को सम्पन्न कराने के लिए आयोग के दिशा निर्देशों की भली भांति विस्तार से जानकारी दी और कहा कि जनपद में 18 केन्द्रों के माध्यम से 7200 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम पाली प्रातः 09:30 से 11:30 बजे तक एवं द्वितीय पाली 02:30 बजे से 04:30 बजे तक होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतया प्रतिबंधित होंगे परीक्षा की AI आधारित निगरानी की जाएगी। तत्पश्चात सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी की उपस्थिति में आयोग के दिशा निर्देशानुसार वाह्य और आंतरिक कक्ष निरीक्षकों का प्रशिक्षण दिया गया और उनके कार्यों को बारीकी से बताया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर उप जिलाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, सह केन्द्र व्यवस्थापक सहित संबंधित उपस्थित रहे।