Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

बीते दिनों रायबरेली में मॉब लिंचिंग के शिकार हुए दलित युवक हरिओम बाल्मीकि के घर पहुंचे अजय राय
FATEHPUR NEWS: रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की मॉब लिंचिंग के बाद सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने फतेहपुर पहुंचे। उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और सरकार से एक सदस्य को नौकरी, एक करोड़ रुपये मुआवजा तथा सुरक्षा देने की मांग की है।
बताते चलें कि विगत दिनों रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि जो सिमौर गांव के मूल निवासी हैं और वर्तमान में फतेहपुर शहर के तुराब अली का पुरवा में रहते हैं, को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया था। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, पार्टी चुप नहीं बैठेगी। यह घटना उत्तर प्रदेश में दलितों और वंचित समाज के प्रति बढ़ते अन्याय, असुरक्षा और भय की जीती-जागती मिसाल है। योगी सरकार की संवेदनहीनता और बदहाल कानून-व्यवस्था इस निर्मम हत्या से स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने योगी सरकार और पुलिस पर सवाल उठाते हुए प्रदेश में ‘गुंडाराज’ चलने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है व अपराधियों के हौसले बुलंद है अब योगी जी को चाहिए कि मारने वालों के घरों में बुलडोजर चलवाए, इस तरह की घटनाओं के बाद सरकार की समझ में आना चाहिए कि बुलडोजर चलाना किसी समस्या का हल नहीं है, देश में सुरक्षा व कानून व्यवस्था संविधान के पालन से ही होगी। इस घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी की सरकार से मांग है कि दोषियों को ऐसी कठोर सजा दी जाए, जो भविष्य के लिए नज़ीर बने। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही योगी सरकार दलित समाज पर हो रहे अन्याय और अत्याचार पर अंकुश लगाए तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए। इसके बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर पीड़ित और वंचित के साथ खड़ी है। अन्याय, अत्याचार और भेदभाव के खिलाफ हमारी लड़ाई लगातार जारी रहेगी। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य शिवाकांत तिवारी, सहाब अहमद सहित कई कांग्रेसी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे हैं।
कार्यक्रम की सूचना न होने से कुछ कांग्रेसी दिखे नाराज
हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर फतेहपुर कांग्रेस में आंतरिक नाराजगी सामने आई। स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले के कुछ जिम्मेदार पदाधिकारियों ने दौरे की जानकारी जानबूझकर गोपनीय रखी, जिससे अधिकांश सक्रिय कार्यकर्ता समय पर कार्यक्रम में शामिल न हो सके। इस बात को लेकर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष हेमलता पटेल ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि हमारे नेता एवं प्रदेश अध्यक्ष के आगमन जैसी महत्वपूर्ण सूचना कार्यकर्ताओं तक समय से न पहुंचना दुखद है, जिससे पार्टी की एकजुटता प्रभावित होती है। इस बात का समर्थन कई अन्य स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने भी करते हुए जिला के जिम्मेदार कांग्रेस नेताओं पर नाराजगी जाहिर की है।