Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेवरा डीह के पास सोमवार दोपहर करीब तीन बजे एनएच-730 पर एक तेज रफ्तार ट्रक के अचानक कट मारने से तीन बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बाइक सवारों को हल्की-फुल्की चोटें आईं। ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, बढ़नी की तरफ से इटवा थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी 25 वर्षीय रुदल पल्सर मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। इसी दौरान सामने से बलरामपुर जनपद के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के परसा बिजुआ गांव निवासी दो सगे भाई—19 वर्षीय अंकित पांडेय पुत्र रामधन और 21 वर्षीय बड़ा भाई रामकरन पांडेय—महथा बाजार से अपनी रिश्तेदारी से लौट रहे थे। तभी बढ़नी की ओर से जा रहे ट्रक ने अचानक कट मारा, जिससे तीनों बाइकों का संतुलन बिगड़ गया और वे आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रुदल और अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। अंकित को सिर में गहरी चोट आई, जबकि उसके बड़े भाई को हल्की चोटें लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े। सेवरा निवासी ई-रिक्शा चालक राजकुमार उर्फ स्वामीनाथ गुप्ता ने घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया, जिसकी लोगों ने सराहना की। कुछ ही देर बाद पुलिस भी पहुंची और घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रदीप वर्मा ने गंभीर रूप से घायल रुदल और अंकित को बेहतर इलाज के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-730 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से आए दिन हादसे हो रहे हैं। नेपाल सीमा से भारत की ओर आने वाले कई ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हैं और कट मारते हुए निकल जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर यातायात नियमों को कठोरता पूर्वक लागू किया जाए और लापरवाह चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।