पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, बाल-बाल बचे कोतवाल

बदमाश घायल पैर में लगी गोली

JHANSI NEWS: अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन क्लीन लगातार जारी है। रविवार की रात पुलिस और शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि नवाबाद थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए। घायल बदमाश को उपचार के लिए झाँसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी शहर लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि 10 जुलाई को नवाबाद थाना क्षेत्र के कोछांभावर में हुई चोरी की घटना में शामिल बदमाशों की तलाश की जा रही थी। कुछ दिन पूर्व पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था, वहीं मुख्य आरोपी की तलाश जारी थी। रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त घटना में शामिल एक बदमाश सोने–चाँदी के आभूषण बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर नवाबाद थाना पुलिस और स्वॉट टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू किया। तभी एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में थाना प्रभारी की गाड़ी में गोली लगी, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा, कारतूस, बाइक और सोने–चाँदी के आभूषण बरामद किए हैं। घायल बदमाश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और पूछताछ में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *