जौनपुर में 9 से 18 अक्टूबर तक लगेगा ‘स्वदेशी मेला’—स्थानीय उत्पादों को मिलेगा नया मंच

JAUNPUR NEWS: उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र संदीप कुमार ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार “यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो – 2025” के अंतर्गत जनपद जौनपुर में 09 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक “स्वदेशी मेला” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह मेला बी.आर.पी. इंटर कॉलेज मैदान, जौनपुर में आयोजित होगा, जिसमें लगभग 50 स्टॉल लगाए जाएंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना तथा हस्तशिल्पियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को स्वदेशी वस्तुओं के प्रचार, प्रसार और विपणन का सशक्त मंच प्रदान करना है। दीपावली के अवसर पर यह मेला आम नागरिकों को स्थानीय एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की खरीदारी का उत्कृष्ट अवसर भी उपलब्ध कराएगा। मेले में उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, माटीकला बोर्ड, हथकरघा एवं रेशम विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, सी.एम. युवा हब, ओ.डी.ओ.पी., पीएमईजीपी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना आदि से जुड़े लाभार्थियों को निःशुल्क स्टॉल आवंटित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं रोचक बनाने के लिए मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार ने जनपद के समस्त उद्यमियों, कारीगरों, स्व-सहायता समूहों एवं योजना लाभार्थियों से अपील की है कि वे इस मेले में उत्साहपूर्वक भाग लें और अपने श्रेष्ठ उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय करें। “आइए, दीपावली पर स्वदेशी अपनाएं — स्थानीय उद्यम को मजबूत बनाएं!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *