Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

श्रद्धा और भक्ति के साथ नगर में आयोजित किया गया भरत मिलाप
BHADOHI NEWS: नगर में मंगलवार की देर शाम भरत मिलाप का आयोजन बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ.विनोद कुमार बिंद व विशिष्ट अतिथि औराई ब्लॉक प्रमुख बृजमोहन मिश्र मौजूद रहें। इस दौरान पुलिस चैकी के पास बने मंच से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी का रथ नगर भ्रमण करते हुए प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचा। जहां भगवान श्रीराम और भरत का मिलन होता है। दोनों भाइयों का मिलन देख सभी की आंखें नम हो गईं। यह दृश्य सभी को भावुक कर देने वाला था। वहीं गगनभेदी जयकारे से समूचा नगर गूंज उठा। मंच पर सभी की आरती उतारी गई और प्रसाद का वितरण किया गया। भरत मिलाप के बाद विंध्यवासिनी कार्पेट के पास से लाग विमान निकाला। उसमें शामिल कालाकारों द्वारा रास्ते में जगह-जगह कला को दिखाया। भजईपुर में नगर के उत्तरी सीमा पर कार्यक्रम संपन्न हुआ। लाग में नव दुर्गा विमान में शंकर पार्वती, हनुमान जी, लवकुश प्रसंग और मां विंध्यवासिनी जी का श्रृंगार और आरती प्रसंग सहित अन्य लाग विमान शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन बड़ी ही श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। भरत मिलाप का आयोजन न केवल धार्मिक महत्व रखता है बल्कि यह सांस्कृतिक धरोहर भी है। जो लोगों को आपस में जोड़ता है। इस अवसर पर लोगों ने भगवान श्रीराम की भक्ति और उनके प्रेम का संदेश दिया। इस मौके पर संरक्षक दीनानाथ बरनवाल, हाजी सरदार अंसारी, कृष्ण कुमार केशवानी, संदीप मौर्य, शिवजी रवि वर्मा, उदय ठठेरा, गयाजी बरनवाल, मुरारी, आशीष कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।