Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सीडीओ की कुर्सी पर बैठी तृप्ती रावत, संभाली विकास भवन की कमान
PRATAPGARH NEWS: मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत बुधवार को राजकीय बालिका इण्टर कालेज प्रतापगढ़ के कक्षा-12 की छात्रा तृप्ती रावत को एक दिन का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा ने एक दिन की मुख्य विकास अधिकारी बनी तृप्ती रावत को बुके देकर स्वागत किया तथा उपस्थित अधिकारियों से उनका परिचय कराया। छात्रा तृप्ती रावत ने सीडीओ का पदभार संभालते ही विकास भवन के अधिकारियों से उनके विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और निर्देशित किया कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जो भी योजनायें संचालित है सभी पात्र व्यक्तियों उनका लाभ अवश्य दिया जाये तथा वर्तमान में मिशन शक्ति अभियान 5.0 जो चलाया जा रहा है उसके अन्तर्गत अधिक से अधिक महिलाओं, छात्राओं आदि को जागरूक किया जाये। इस अवसर पर एक दिन की बनी सीडीओ तृप्ती रावत ने पेंशन के लम्बित मामलों को लेकर खण्ड विकास अधिकारी कालाकांकर सत्यदेव यादव से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर लम्बित आवेदनों को शीघ्र निस्तारित कराने के निर्देश दिये तथा कहा कि आपके ब्लाक क्षेत्र अन्तर्गत कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित न रहने पाये। उन्होने बदलते मौसम तथा संचारी रोग अभियान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति की भी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिये। मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान प्रदेश सरकार द्वारा हमारी बेटियों, बहनों व मातृ शक्तियों को सशक्त करने एवं उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है जिसके दृष्टिगत जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तीकरण के लिये विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, इसी क्रम में आज विकास भवन में राजकीय बालिका इण्टर कालेज प्रतापगढ़ की कक्षा-12 की छात्रा तृप्ती रावत को एक दिन का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। तृप्ती रावत ने बहुत ही अच्छे तरीके से सभी चीजों को समझा व जानकारी हासिल की। मिशन शक्ति के तहत जनपद की महिलाओं एवं बेटियांं को संदेश देते हुये सीडीओ ने कहा कि आप सभी अपनी शक्ति को समझे और आत्मनिर्भर बने तथा अपनी बात को कहना सीखें, अपनी शिक्षा और अपने कौशल को सबसे अधिक महत्व दें, जिला प्रशासन सदैव आपके साथ है। इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों ने बालिका सीडीओ की लगन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की सराहना किया। इस दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, डीसी मनरेगा सन्तोष कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी के0एन0 पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे, उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी, जिला सूचना अधिकारी सविता यादव आदि उपस्थित रहे।