मिशन शक्ति 5.0 : महिला सुरक्षा व साइबर सुरक्षा पर इटावा पुलिस का जागरूकता अभियान

ETAWA NEWS: बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना सैफई पुलिस ने बुधवार को ग्राम तुलसीपुर स्थित अंबेडकर पार्क में महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्रीमती सरिता देवी, आशा कार्यकत्री श्रीमती रीता व श्रीमती संतोष सिंह, पी.एल.ए. श्रीमती संजू व श्री आदेश कुमार, राशन वितरक ओमप्रकाश और ग्राम पंचायत सचिव इम्तियाज अख्तर सहित ग्रामीणों, महिलाओं व बच्चियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी एवं मिशन शक्ति टीम ने उपस्थित लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर साझा किए गए जिनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध 1930 प्रमुख रहे। पुलिस टीम ने साइबर अपराधों से बचाव पर भी विस्तार से बताया। महिलाओं व बच्चियों को समझाया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, ओटीपी या बैंक डिटेल साझा न करें और धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज करें। कार्यक्रम के दौरान विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान और मातृ वंदना योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व बच्चियों को शारीरिक व साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *