मिशन शक्ति के साथ गूंजा कन्या जन्मोत्सव

सीएचसी में प्रसूताओं का सम्मान, बाल सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण पर जोर

ETAWA NEWS: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर में कन्या जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चाइल्ड हेल्पलाइन की जिला समन्वयक कीर्ति गुप्ता रहीं, जिन्होंने नवजात कन्याओं की माताओं को फल की टोकरी व बेबी केयर किट प्रदान की और उनके स्वस्थ व सुरक्षित भविष्य की शुभकामनाएं दीं। गुप्ता ने कहा कि नारी समाज की आधारशिला है। मिशन शक्ति 5 महिलाओं और बालिकाओं के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की नई दिशा दे रहा है। हर महिला को अपने अधिकारों और योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवा 24 घंटे नि:शुल्क उपलब्ध है। किसी भी बालक के शोषण, उत्पीड़न, बाल विवाह, भटकते या संकटग्रस्त बच्चे की सूचना 1098 पर दी जा सकती है। हमारी टीम मौके पर पहुंचकर बच्चे की सुरक्षा, चिकित्सा और पुनर्वास की पूरी व्यवस्था करती है। समाज के हर वर्ग को इस नंबर की जानकारी होनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव मनाना केवल परंपरा नहीं, बल्कि सोच में बदलाव का प्रतीक है। जब समाज हर बेटी के जन्म को सम्मान और आनंद के साथ स्वीकार करेगा, तभी सच्चे अर्थों में ‘नारी शक्ति’ को उसका हक मिलेगा। मिशन शक्ति अभियान हमें यह सिखाता है कि महिला और बाल अधिकारों की रक्षा सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ेगी तो आने वाली पीढ़ी सुरक्षित और सशक्त बनेगी। श्री शाक्य ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर भी चर्चा करते हुए कहा कि परिवार ही बाल संरक्षण की पहली इकाई है, इसलिए माता-पिता को भी सजग रहना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। जब स्वास्थ्य केंद्रों से यह प्रेरणा जाती है कि बेटी का जन्म उत्सव है, तो समाज में भेदभाव स्वतः समाप्त होने लगता है। हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हर बेटी सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानित जीवन जी सके.  डॉ. सिंह ने अतिथियों व सहयोगी टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि स्वास्थ्य विभाग आगे भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम में प्रोबेशन कार्यालय से आलम के अलावा सीएचसी स्टाफ नर्स आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *