सपाइयों ने श्रद्धा के साथ मनाई मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि

कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को दी श्रद्धांजलि और उनके पथ पर चलने का लिया संकल्प

FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि शुक्रवार को फतेहपुर में श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिले के 12 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें मुख्य कार्यक्रम सपा जिला कार्यालय में हुआ। कार्यक्रमों की शुरुआत नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में उनके संघर्ष, सिद्धांतों और समाजवादी विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की गई। सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी देश के उन नेताओं में थे जिन्होंने गरीब, किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों की आवाज उठाई। उन्होंने हमेशा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। सुरेंद्र सिंह ने फतेहपुर के हरिओम वाल्मीकि के साथ हुई घटना को अत्यंत निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह विषय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के संज्ञान में है और समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है, हर संभव सहायता करेगी। विचार गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार ने किया। वरिष्ठ नेताओं संतोष द्विवेदी और समरजीत सिंह ने नेताजी के सादगीपूर्ण स्वभाव और प्रेरणादायी कार्यशैली पर अपने अनुभव साझा किए। जिलाध्यक्ष ने कार्यक्रम के अंत में कहा कि समाजवादी पार्टी नेताजी के बताए रास्ते पर चलते हुए हमेशा गरीबों और पिछड़ों की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी। वहीं हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के चंदीपुर चौराहे पर सपा नेत्री एवं हुसेनगंज विधायक ऊषा मौर्य ने भी सपाइयों के बीच उपस्थित होकर अपने समर्थकों संग नेता जी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर वीरेंद्र यादव, नफीस उद्दीन, नंदकिशोर पाल, राजबहादुर यादव, शकील गोल्डी, दीपक डब्लू, संगीता पासवान, प्रेमनाथ विश्वकर्मा, अकील अहमद, एड. साबिर अली, एड. रविंद्र यादव, शिवशंकर यादव, आनंद यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *