Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRATAPGARH NEWS: गड़वारा में गुरुवार की रात आयोजित ऐतिहासिक भरत मिलाप कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में शुक्रवार सुबह सकुशल संपन्न हुआ, कार्यक्रम के दौरान नगर में भव्य धार्मिक शोभायात्रा एवं झांकियों के दर्शन हेतु क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं भरत मिलाप समिति द्वारा सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ नगर प्रशांत राज हुड्डा एवं थाना अंतू प्रभारी निरीक्षक आनंद पाल सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्य, जनसेवा भावना और सामाजिक समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। समिति की ओर से दोनों अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत एवं शत्रुघ्न की भव्य झांकियां निकाली गईं, जयघोष, भजन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा नगर भक्ति रस में सराबोर हो उठा, भरत मिलाप समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। थाना अंतू प्रभारी निरीक्षक आनंद पाल सिंह ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरी रात भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई और कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गड़वारा का भरत मिलाप कार्यक्रम वर्षों से सामाजिक एकता, धार्मिक सद्भाव और परंपरा के संरक्षण का प्रतीक रहा है।