परीक्षा नकलविहीन एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु डीएम-एसपी ने की समीक्षा बैठक

12 अक्टूबर को होगी यूपीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा, परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी के निर्देश

JALAUN NEWS: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा०) परीक्षा-2025 एवं सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा०) परीक्षा-2025 को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को दो पालियों में पूर्वान्ह 09:30 से 11:30 बजे तथा अपरान्ह 02:30 से 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का भली-भांति निर्वहन करने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशन व बस स्टैण्ड पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएं ताकि परीक्षार्थियों को आवश्यक सहायता मिल सके। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट में नियंत्रण कक्ष (Control Room) भी स्थापित किया जाएगा जो परीक्षा की निगरानी करेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित ने बताया कि जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर 5088 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सह व्यवस्थापक की नियुक्ति की गई है ताकि परीक्षा व्यवस्था सुचारु रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश, शौचालय व बैठने की सुविधा जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल व मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण और नकलविहीन वातावरण बनाए रखने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, उप जिलाधिकारी न्यायिक हेमंत पटेल, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *