बी-पैक्स सचिव को घर पर ही खाद का टोकन न देने पर ट्रांसफर और जान से मारने की दी धमकी

पीड़िता प्रियंका यादव की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी

ETAWA NEWS: बी-पैक्स समिति की सचिव प्रियंका यादव को उनके घर पर धमकाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने शनिवार को पुलिस में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने खाद का टोकन घर पर ही देने के लिए दबाव बनाया और मना करने पर ट्रांसफर कराने व जान से मारने की धमकी दी।घटना 9 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच गीतपुरम कॉलोनी सराय दयानत लुहन्ना चौराहा इटावा स्थित प्रियंका यादव के आवास पर घटी। शिकायत के अनुसार आरोपी व्यक्ति ग्राम कटेखेड़ा सराय भूपत निवासी है जो उनके घर पहुंचा और खाद का टोकन घर पर ही देने की मांग करने लगा। प्रियंका यादव ने समिति के नियमों के अनुसार घर पर टोकन देने से इंकार कर दिया, जिस पर आरोपी भड़क उठा और धमकी देने लगा कि यदि उसने टोकन नहीं दिया तो वह उसका ट्रांसफर 100–150 किलोमीटर दूर करवा देगा और उसे यहां रहने नहीं देगा।प्रियंका यादव ने बताया कि आरोपी ने इस दौरान कई बार अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।घटना के दौरान आसपास के कई लोगों ने यह वाकया देखा है। इतना ही नहीं यह पूरी घटना प्रियंका यादव के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने बाद में समिति के कर्मचारी शिवराम को भी धमकी दी।शुरुआत में उन्होंने  घटना को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन लगातार धमकियों के कारण वह भयभीत हैं।उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *