Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JALAUN NEWS: मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आज जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा एवं सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाना है। वन स्टॉप सेंटर ऐसी जगह है जहाँ किसी भी संकट की स्थिति में महिला को कानूनी, चिकित्सीय, मानसिक परामर्श एवं अस्थायी आवास की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने वहां मौजूद कर्मियों को निर्देश दिए कि आने वाली प्रत्येक पीड़िता को संवेदनशीलता और तत्परता से सहायता प्रदान की जाए। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं की सुरक्षा हेतु 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 व 112 सेवाओं को और प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद में जागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र और आत्मरक्षा प्रशिक्षण निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे महिलाएं अपने अधिकारों और कानूनी सहायता के प्रति सजग रहें। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी निशांत पांडे, वन स्टॉप सेंटर की टीम एवं मिशन शक्ति से जुड़ी महिला कर्मीगण उपस्थित रहीं।