किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को न खाद मिल रही न बीज

बड़ौरी टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं का स्वीकारा अभिवादन

FATEHPUR NEWS:  शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील स्थित बडौरी टोल प्लाजा पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याओं को सुना और बताया कि जिले में खाद तथा बीज की भारी कमी है, जिससे किसान परेशान हैं। टिकैत ने कहा कि किसानों को न तो खाद मिल रही है और न ही बीज। घंटों लाइन में लगने के बाद भी किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए जल्द ही बात करने और निराकरण तलाशने की बात कही। राष्ट्रीय प्रवक्ता के पहुंचते ही भाकियू पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और “जय जवान, जय किसान” के नारे लगाए। टिकैत ने अपने पदाधिकारियों को गले लगाकर अभिवादन स्वीकार किया। टिकैत ने बताया कि वे एक निजी कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह के भदबा स्थित आवास जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने टोल पर रुककर पदाधिकारियों से मुलाकात की और अजरौली भी जाने की बात कही। उन्होंने जिले के किसानों के लिए उच्च कोटि के आलू बीज उपलब्ध कराने और बाढ़ से हुए नुकसान के लिए मुआवजे की भी मांग की। टिकैत ने जोर दिया कि उच्च गुणवत्ता वाले बीज मिलने से किसान आलू का निर्यात कर बेहतर मुनाफा कमा सकेंगे। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम पटेल, जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल, प्रदेश सचिव रामसहाय पटेल, महिला जिलाध्यक्ष ममता शुक्ला सहित कमलेश योगी, देवनारायण, दिनेश शुक्ला, रेहाना परवीन और लगभग सौ अन्य लोग मौजूद रहे। मौके पर थाना कल्यानपुर के सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल भी तैनात था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *