स्वामी विवेकानंद सशक्तिकरण योजना के तहत विधायक ने बांटे टैबलेट

बिंदकी के मां शारदा महाविद्यालय के 339 छात्रों को मिले टैबलेट

FATEHPUR NEWS: जनपद के बिंदकी नगर स्थित मां शारदा महाविद्यालय में शनिवार को स्वामी विवेकानंद सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक जयकुमार सिंह जैकी ने 339 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए। विधायक जैकी ने बताया कि यह सरकार की एक विशेष योजना है, जिसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को ज्ञान अर्जित करने और शिक्षा ग्रहण कर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाने में सहायता करना है। उन्होंने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के दौरान निर्धन विद्यार्थियों को पढ़ाई में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसी को ध्यान में रखते हुए, सरकार ने छात्र-छात्राओं को टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया, ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए। यह पहल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और सभी विद्यार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए की गई है। विधायक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा, और इसी के साथ उत्तर प्रदेश भी पूरी तरह से विकसित होगा। उन्होंने बिंदकी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया और अगले दो वर्षों तक विकास जारी रहने की बात कही। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया ताकि वे अपने माता-पिता, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक अनिल गुप्ता चार्ली, श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष शिवम सिंह परिहार उर्फ प्रमोद सिंह, वीरेंद्र गुप्ता और प्राचार्या सुनीता अग्निहोत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *