स्वदेशी मेला का मंत्री राकेश सचान एवं अरुण असीम ने किया शुभारंभ

विभिन्न विभागों के लगे स्टॉल का जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन

FATEHPUR NEWS: यू० पी० ट्रेड शो-2025 के अन्तर्गत जनपद-फतेहपुर के आई0टी0आई0 ग्राउण्ड में 10 दिवसीय स्वदेशी मेला-2025 का भव्य शुभारम्भ शनिवार को कैबिनेट मंत्री सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरधा तथा वस्त्र उद्योग विभाग उत्तर प्रदेश राकेश सचान तथा समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री असीम अरुण द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहपुर मुखलाल पाल, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग एवं अग्रणी जिला प्रबन्धक, बैंक ऑफ बड़ौदा फतेहपुर उपस्थित रहे।
उद्घाटन के उपरान्त मंत्री राकेश सचान ने ग्राउण्ड में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टालों तथा स्थानीय उद्यमियों के स्थानीय स्टालों/प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचायी जाये और पात्र आवेदन पत्रों को योजनाओं से आच्छादित किया जाए। प्रदर्शनी के अवलोकन के पश्चात् उनके द्वारा विभिन्न रोेजगार योजनापरक योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरण किया गया। इसके उपरान्त एक सभा को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के संकल्प ‘‘स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उत्तर प्रदेश को औद्योगिक दृष्टि से अग्रणी राज्य बनाने‘‘ के उद्देश्य को पूरा करने के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश ट्रेड शो की शुरुआत वर्ष 2023-24 में नोयडा एक्सोमार्ट लि0 में की गयी थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में आयोजित ट्रेड शो का शुभारम्भ प्रधानमंत्री के कर-कमलो द्वारा किया गया। यह उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक उपलब्धि रही क्यूंकि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसमें अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना ट्रेड शो आयोजित किया। इस आयोजन में गणराज्य रूस ने बिजनेस पार्टनर के रूप में भागीदारी तथा 80 अन्य देशो के साथ बी 2 बी मीटिंग आयोजित की गयी। शो के दौरान लगभग 11500 करोड का व्यापार हुआ। जो एक मिल का पत्थर साबित हुआ। मंत्री श्री सचान ने बताया कि उक्त सफलता के दृष्टिगत मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेश के 75 जनपदो में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देते हुये स्वदेशी मेलों का आयोजन किया जा रहा है जिसके अन्तर्गत फतेहपुर में भव्य मेले का शुभारम्भ हुआ जो कि 19 अक्टूबर तक निरंतर चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाए प्रदेश में युवाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलम्बी बनाने की दिशा में क्रान्तिकारी कदम है।  मेले के सफल संचालन हेतु उद्योग विभाग, एन0आर0एल0एम0, हथकरधा एवं वस्त्रोद्योग, डूडा, कौशल विकास मिशन, पर्यटन विभाग, उद्यान, कृषि तथा मत्य विभाग एवं बैंको की भूमिका अहम है। यह मेला 10 दिन तक निःशुल्क प्रतिदिन खुला रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *