अमया गांव में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था विवाह

एक वर्षीय पुत्री हुई अनाथ

SIDHARTHNAGAR NEWS:जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के डोकम अमया गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अतीउल्लाह पुत्र शेर बहादुर निवासी डोकम अमया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अतीउल्लाह शुक्रवार दोपहर से लापता था। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव के पश्चिम दिशा में स्थित आम के बाग में कुछ चरवाहों ने पेड़ से लटका शव देखा और तुरंत घरवालों को सूचना दी। परिवारजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव अतीउल्लाह का ही है। यह देखते ही घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि अतीउल्लाह का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था और उसकी एक वर्ष की पुत्री भी है, जो अब अनाथ हो गई है। सूचना पर त्रिलोकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थानाध्यक्ष राम देव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *