Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जिलाधिकारी ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय और मोहम्मद हसन कॉलेज का किया औचक निरीक्षण
JAUNPUR NEWS: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2025 की पहली पाली शनिवार को जनपद में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिले में कुल 34 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए।
डीएम पहुंचे परीक्षा केंद्र, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज सहित कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, प्रवेश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का गहन अवलोकन किया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता से कोई समझौता न हो।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य मानी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई होगी।
हर केंद्र पर तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस बल
परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ामों के बीच अभ्यर्थियों ने पहले पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक दी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल देखने को मिला।