Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश विषयक बैठक में नगर विकास को लेकर सुझावों पर हुआ मंथन
KUSHINAGAR NEWS: स्थानीय नगर पंचायत सभागार में सोमवार को विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से एक विचार-विमर्श बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ईओ अमित सिंह ने कहा कि फाजिलनगर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। बताया कि नगर स्थित नौका बिहार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर, वहाँ होटल-रेस्टोरेंट, उचित प्रकाश व्यवस्था, और अन्य पर्यटन आकर्षण विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिससे बाहरी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिले। ईओ ने नगर की सर्वांगीण प्रगति, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं, जल निकासी, सड़क मरम्मत, हरित क्षेत्र, डिजिटलीकरण और स्थानीय रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनभागीदारी से सुझाव मांगे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जब तक स्थानीय स्तर पर विकास की ठोस नींव नहीं रखी जाएगी। तब तक विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा। इस दिशा में नगर पंचायत की सक्रिय भागीदारी और जन सहयोग अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर दिनेश सिंह ने सुझाव दिया कि नगर के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की बुनियाद बताया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लिपिक शुभम मिश्रा ने किया। इस अवसर पर अवर अभियंता संतोष कुमार, सभासद कमलेश वर्मा, राहुल सिंह, जेपी सिंह सहित कई अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में सभासदगण रामसेवक सिंह, श्यामू प्रसाद, बैरिस्टर गुप्ता, आनंद सिंह, खालिद अंसारी, नसीम आलम, विवेक प्रताप सिंह, शमशाद आलम, राजेश गुप्ता उपस्थित रहे।