Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

1 नवम्बर से शुरू होगी खरीद प्रक्रिया
SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी धान खरीद वर्ष 2025-26 की तैयारी को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, सचिव तथा सभी धान क्रय केन्द्र प्रभारी मौजूद रहे। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी रमेश कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि धान खरीद 1 नवम्बर 2025 से प्रारंभ होकर 28 फरवरी 2026 तक चलेगी। क्रय केन्द्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे (रविवार एवं राजपत्रित अवकाश को छोड़कर)। कॉमन धान का समर्थन मूल्य ₹2369 प्रति क्विंटल तथा ग्रेड ए धान का मूल्य ₹2389 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जनपद में कुल 54 धान क्रय केन्द्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें खाद्य विभाग के 28, पीसीएफ के 18, यूपीपीसीयू के 7 और भारतीय खाद्य निगम का 1 केन्द्र शामिल है। जिले का कुल खरीद लक्ष्य 72 हजार मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। धान खरीद हेतु सभी एजेंसियों को ई-पॉश मशीन उपलब्ध करा दी गई है, जबकि लगभग 2200 गांठ बोरे की व्यवस्था शीघ्र पूरी कर ली जाएगी। किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया fcs.up.gov.in पोर्टल पर आधार लिंक मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी प्राप्त कर स्वयं या जन सेवा केन्द्र के जरिए की जा सकती है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी व क्रय केन्द्र प्रभारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें तथा धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। किसानों का भुगतान अधिकतम 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक क्रय केन्द्र पर समर्थन मूल्य, खुलने का समय, प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों से अच्छा व्यवहार किया जाए, नियमित संपर्क बनाकर उनके नाम व मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज किए जाएं। धान में नमी होने पर सुखाने की व्यवस्था की जाए, धान को किसी भी स्थिति में वापस न किया जाए। क्रय केन्द्रों पर पीने के पानी, उपकरण, अभिलेख एवं सभी रजिस्टर उपलब्ध होने चाहिए। किसी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित प्रभारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) गौरव श्रीवास्तव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश कुमार श्रीवास्तव, ए.आर. कोऑपरेटिव, सचिव तथा सभी क्रय केन्द्र प्रभारी उपस्थित रहे।