Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRATAPGARH NEWS: जिले के मकूनपुर के पास स्थित करिस्ता गांव के किसान अशोक कुमार मिश्र ने धर्म कार्य के लिए भूदान का अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत कर सामाजिक क्षेत्र में प्रेरणा की अलख जगायी है। अशोक ने अपनी पांच बिस्वा जमीन धर्म कार्य के लिए दान किया है। अब सामूहिक सहयोग व संकल्प से इस जमीन पर खाटूश्याम बाबा व सच्चा बाबा का भव्य मंदिर, यज्ञशाला आदि के निर्माण की पहल हुई है। शुक्रवार को महंत मनोज ब्रम्हचारी की अगुवाई में भव्य भूमि पूजन हुआ। प्रतापगढ़ के लिए खास बात यह होगी कि खाटूश्याम बाबा का यह पहला मंदिर होगा। भूमिपूजन में वैदिक मंत्रोच्चार व जयकारों के बीच शामिल समाजसेवी पंकज मिश्र, प्रतिष्ठित व्यवसायी विष्णु खंडेलवाल, शिक्षण संस्थाओं के प्रबंधक अनिल प्रताप त्रिपाठी प्रवात ने मंदिर को सुंदर स्वरूप देने में योगदान को लेकर संकल्प जताया है। वहीं भूमिपूजन को भव्यता प्रदान करते हुए दानदाता अशोक कुमार मिश्र व उनकी पत्नी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य पूजन किया। पूजन कार्यक्रम के दौरान आचार्य आलोक ऋषिवंश, रामकीर्ति शास्त्री, पं. आकाश द्विवेदी, ज्योतिषी विकास पांडेय व पं. अमित शुक्ल का मंत्रोच्चारण भी गूंजता दिखा। कार्यक्रम में सांईनाथ संस्थान के अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ, इंद्रदेव तिवारी, पंकज शुक्ल, विनय प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता गिरधारी सिंह, रामजी मिश्रा व सूरज त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।