Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

AMETHI NEWS: शुक्रवार को मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत आज जनपद अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों में “पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के समस्त प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय, कंपोजिट विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संतुलित आहार, पोषक तत्वों, विटामिनों और खनिजों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को यह समझाया गया कि फल, हरी सब्जियाँ, दालें और अनाज शरीर को आवश्यक ऊर्जा देने के साथ-साथ मानसिक विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी मदद करते हैं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतें अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने और जंक फूड से दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को यह भी बताया गया कि छोटे-छोटे सुधार और सही आहार की आदतें उनके जीवन में लंबे समय तक स्वास्थ्य लाभ प्रदान करती हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें इस ज्ञान को व्यवहारिक रूप से अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था। स्वस्थ और पोषित जीवन के प्रति सजगता बढ़ाने में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।