अपराधियों की चतुराई पर भारी पड़ी अजीत सिंह की चौकसी, 50 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार

MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चन्द्र पाण्डेय) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे मादक पदार्थों की रोकथाम अभियान के क्रम में थाना पड़री पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उड़ीसा से बिहार ले जाए जा रहे अनुमानित 25 लाख रुपये मूल्य के 50.280 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर के पर्यवेक्षण में थाना पड़री प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान ऑटो रिक्शा संख्या UP 57 AT 3318 को रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने ऑटो रिक्शा की छतरी में बने कैबिन में छिपाकर रखा गया 50.280 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया । जिनकी पहचान पवन यादव पुत्र सीताराम यादव निवासी ग्राम हफुआ, थाना तरया सुजान, जनपद कुशीनगर व चन्द्रशेखर कुमार माझी पुत्र विश्वनाथ माझी निवासी ग्राम इकदेरवा, थाना गोपालगंज, जनपद गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई।पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे उड़ीसा से ऑटो रिक्शा की छतरी में कैबिन बनाकर उसमें गांजा छिपाकर बिहार ले जा रहे थे। वहां मांग के अनुसार गांजा बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांटकर खर्च करते हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 215/2025 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया । साथ ही तस्करी में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, उप निरीक्षक विजय शंकर यादव, उप निरीक्षक राम भवन, उप निरीक्षक कैलाश नाथ सिंह, हेड कांस्टेबल शिव बदन बिन्द, संजय सिंह यादव, मनीष सिंह, रणविजय कुशवाहा, रवि प्रकाश एवं सर्वेश यादव शामिल रहे। थाना पड़री प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह की सतर्कता और सूझबूझ से एक बार फिर यह साबित हो गया कि अपराधी कितना भी चालाक या शातिर क्यों न हो, अजीत सिंह की नजरों से बचकर नहीं निकल सकता। उनकी नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिस कुशलता से इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। वह पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *