Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने तहसील उपाध्यक्ष मोहम्मद आलम खान के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक को संबोधित एक मांगपत्र स्टेशन अधीक्षक पचपेड़वा दुर्गेश कुमार को सौंपा। ज्ञापन में स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण माँग की गई है।मांगपत्र में कहा गया है कि गोरखपुर से पनवेल के बीच चलने वाली 15065/15066 एक्सप्रेस ट्रेन का पचपेड़वा स्टेशन पर एक मिनट का ठहराव किया जाए। यूनियन ने तर्क दिया कि यह ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए अत्यंत सुविधाजनक होगा। साथ ही स्टेशन पर रिज़र्वेशन खिड़की की स्थापना की भी मांग रखी गई है।किसान यूनियन ने स्टेशन पर कोच इंडिकेटर की कमी को गंभीर समस्या बताया। उनका कहना था कि इसके अभाव में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और वृद्धजनों को कठिनाई होती है और भीड़भाड़ की स्थिति में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यूनियन ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर प्रकाश व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।यूनियन ने यह भी कहा कि पहले स्टेशन पर माल गोदाम और पार्सल बुकिंग की सुविधा थी, जिसे बड़ी लाइन का कार्य शुरू होने के बाद बंद कर दिया गया। इसे दोबारा शुरू किए जाने की मांग की गई जिससे व्यापारियों को माल परिवहन में सुविधा हो सके।पूर्व की भांति स्टेशन पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय कक्ष की व्यवस्था कराई जाए।सुबह के समय गोरखपुर जाने वाली कोई ट्रेन न होने के कारण व्यापारियों को माल लाने ले जाने में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ता है। गोरखपुर से बढ़नी तक चलने वाली डेमो ट्रेन का विस्तार बलरामपुर या गोंडा तक किया जाए।स्टेशन पर शुद्ध पेयजल के लिए वॉटर कूलर की व्यवस्था की जाए जिससे यात्रियों को स्टेशन पर ही शीतलजल आसानी से मिल सके। यूनियन के तहसील उपाध्यक्ष मोहम्मद आलम खान ने कहा, “रेलवे हमारी जनभावनाओं को समझे। यह क्षेत्र विकास और रोज़मर्रा की यात्रा सुविधा, दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हमारी मांगें पूरी तरह जनहित में हैं, जिन पर शीघ्र कार्यवाही की जरूरत है।” इस अवसर पर सद्दाम क़ुरैशी ब्लॉक अध्यक्ष, हनुमान ब्लॉक उपाध्यक्ष, घनश्याम भारती नगर अध्यक्ष,मंज़ूर आलम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।