धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, महिलाओं ने की जमकर खरीदारी

FATEHPUR NEWS: जनपद के मलवा विकास खंड के औंग और चौडगरा कस्बों में धनतेरस के पावन पर्व पर सुबह से ही बाजारों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक सजावट के सामान, झालर, बल्ब, बर्तन, श्रृंगार सामग्री, मिट्टी के दीये, इलेक्ट्रॉनिक दीये, झाड़ू, सोने-चांदी के आभूषण, मोमबत्ती, पोस्टर, माला, बंधनवार और रंगोली के रंगों की जमकर खरीदारी की। बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने चौराहों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की। इसके तहत बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। पीआरवी भी अलर्ट पर रही। औंग कस्बे के व्यवसायी जितेंद्र पटेल और दीपू पांडेय ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सजावट के सामान की अच्छी बिक्री हो रही है। वहीं, सुधीर विश्वकर्मा और गोपाल ने जानकारी दी कि गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की दुकान पर काफी चहल-पहल है और अच्छी बिक्री हो रही है। उन्होंने बताया कि वे लगभग 15 वर्षों से यह दुकान लगा रहे हैं और इस बार अच्छे मुनाफे की उम्मीद है। आचार्य सदानंद शुक्ला और आचार्य गोपाल दीक्षित ने धनतेरस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व धन, स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए मनाया जाता है। इसकी शुरुआत समुद्र मंथन से हुई थी, जब भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। उन्होंने कहा कि इस दिन देवी लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करके धन-वैभव की कामना की जाती है। धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन और झाड़ू जैसी वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है, जिससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। औंग थाना प्रभारी राम शंकर सरोज ने बताया कि भारी भीड़ को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *