Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर (आईटीआई मैदान) में आयोजित नौ दिवसीय स्वदेशी मेला सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। यह मेला 11 अक्टूबर, 2025 को शुरू हुआ था और इसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए थे। मेले का उद्घाटन 11 अक्टूबर, 2025 को कैबिनेट मंत्री राकेश सचान (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी, रेशम व वस्त्र उद्योग) और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने किया था। प्रारंभ में लगभग 65 स्टॉल लगाए गए थे, जिनकी संख्या बाद में बढ़कर लगभग 80 हो गई। इन स्टॉलों में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों द्वारा लगाए गए हटके कैफे (फ्रेंचाइजी) और पिज्जा जैसे स्टॉल प्रमुख थे। साथ ही, चाट, भेलपुरी, पॉपकॉर्न, आइसक्रीम और चाउमीन जैसे खान-पान के स्टॉल भी लगाए गए थे। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले इत्यादि की व्यवस्था भी की गई थी। स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीपक, झालर और फर्नीचर जैसे सामानों की भी त्योहार के अवसर पर खूब खरीदारी हुई। अमृता फूड प्रोडक्ट्स, गायत्री फूड प्रोडक्ट्स, सीएसके मसाले, सहारनपुर का फर्नीचर और भदोही की कालीन विशेष चर्चा का केंद्र रहे। मेले में प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें डांस और गायन के कार्यक्रम, आल्हा गायन, महर्षि विद्या मंदिर और जयपुरिया स्कूल के बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल थे। रायबरेली के जाने-माने जादूगर द्वारा मैजिक शो प्रस्तुत किया गया, जबकि समापन की पूर्व संध्या पर प्रदेश स्तरीय और टीवी फेम कवियों द्वारा ‘एक शाम फतेहपुर के नाम’ कवि सम्मेलन का आयोजन कराया गया। कार्यक्रम का समापन 19 अक्टूबर, 2025 को उपायुक्त उद्योग कुंवर चंद्रभान सिंह, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, फतेहपुर द्वारा किया गया। उपायुक्त उद्योग ने स्टॉल लगाने वालों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी लोगों और मेले में ड्यूटी करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।