चित्रकूट दर्शन को गया युवक लापता, तलाश जारी

FATEHPUR NEWS: जनपद का एक युवक चित्रकूट स्थित कामतानाथ धाम दर्शन के लिए दोस्तों के साथ गया था। दो दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों की बढ़ती बेचैनी के बीच पुलिस ने गुमशुदगी की तहरीर के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी है। लापता युवक की पहचान रामकृष्ण बाजपेई उर्फ संतोष बाजपेई पुत्र हीरालाल बाजपेई के रूप में हुई है। वह फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, रामकृष्ण 19 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 7 बजे अपने दोस्तों के साथ श्रीकामतानाथ धाम, चित्रकूट दर्शन के लिए निकला था। दर्शन के बाद 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात लगभग 1:30 से 2:00 बजे के बीच वह रामघाट के पास अपने साथियों से बिछड़ गया। दोस्तों ने काफी देर तक उसका इंतजार किया, लेकिन जब वह नहीं मिला तो वे घर लौट आए। दो दिन बाद भी रामकृष्ण के घर न पहुंचने पर परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार वालों ने हर संभव जगह तलाश की और रिश्तेदारों व दोस्तों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। थक-हारकर परिजनों ने 21 अक्टूबर 2025 को चित्रकूट कोतवाली कर्वी में गुमशुदगी की तहरीर दर्ज कराई। चित्रकूट पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *