Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज जौनपुर पुलिस लाइन में एक गरिमामयी श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कर्तव्यपालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए पुलिस शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की विशेष कड़ी में शहीद मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह की स्मृति में बनाए गए “शहीद दुर्गेश पार्क” का लोकार्पण शहीद के माता-पिता श्रीमती उर्मिला सिंह एवं श्री दीनानाथ सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक जौनपुर की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने शहीद दुर्गेश कुमार सिंह को नमन करते हुए कहा,
“मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह ने जिस अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय दिया, वह पूरे पुलिस परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।”
शहीद दुर्गेश कुमार सिंह का बलिदान
दिनांक 17 मई 2025 को थाना चन्दवक क्षेत्र में गो-तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान खुज्झी मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन में सवार पशु तस्करों ने पुलिस टीम को कुचलने के उद्देश्य से वाहन को तेजी से दौड़ा दिया। इस दौरान मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार हेतु ट्रॉमा सेंटर बीएचयू, वाराणसी भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के तुरंत बाद पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर तस्करों का पीछा किया। ग्राम सतमेसरा के एक बगीचे में छिपे अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में तीनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। इनमें से एक अभियुक्त सलमान की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह ने कर्तव्य के पालन में अपने प्राणों की आहुति देकर असाधारण वीरता और बलिदान का परिचय दिया और सच्चे अर्थों में “शहीद” कहलाए। श्रद्धांजलि समारोह में अपर पुलिस अधीक्षकगण, क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा शहीदों के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।