अपराध का बड़ा ग्राफ:लापरवाही से अपराधियों के हौसले हुए बुलंद

JHANSI NEWS: थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के अंतर्गत आवास विकास और सीपरी बाजार क्षेत्र में इन दिनों चोरी और चेन छिनैती की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में गहरी नाराज़गी है। हाल ही में व्यस्ततम इलाके आरोग्य सदन चौराहे के पास दिनदहाड़े हुई चेन छिनैती की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया कि पांडे जी की पत्नी, जो अपनी देवरानी के घर जा रही थीं, के गले से स्कूटी सवार बदमाश ने सोने की चेन झपट ली और तेज़ी से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुँची सीपरी बाजार थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है, मगर अब तक आरोपी का सुराग नहीं लग सका है। इसी बीच, शिवपुरी रोड पर मुख्य सड़क के किनारे स्थित दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने सामान और नकदी चोरी कर ली। सुबह जब दुकानदार पहुँचे तो ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन सूत्रों के अनुसार थाने में शिकायत लेकर पहुँचे व्यापारियों को यह कहकर टाल दिया गया कि “छोटी-मोटी चोरी तो होती ही रहती है।” जिम्मेदारों के इस बयान से व्यापारियों में भारी आक्रोश है. व्यापार मंडल के सदस्यों का कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे थाने का घेराव और विरोध प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और सभी मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी  कैमरे सक्रिय रखे जाएँ। नागरिकों का कहना है कि जब पुलिस शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेती, तो अपराधियों का मनोबल स्वतः बढ़ जाता है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन कब तक इन घटनाओं पर लगाम लगाने में सफल होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *