Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

VARANASI NEWS: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड स्थित छतेरी गांव के शक्ति गेस्ट हाउस में रविवार को भारतीय पत्रकार संघ की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पत्रकारिता की चुनौतियों, संगठन की मजबूती तथा पत्रकारों की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय पत्रकार संघ के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। उन्होंने पत्रकारों को समाज का आईना और “कलम का सिपाही” बताते हुए कहा कि पत्रकारों की भूमिका लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सच्चाई और निष्पक्षता पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए हर पत्रकार को निडर होकर अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए। बैठक की अध्यक्षता भारतीय पत्रकार संघ वाराणसी मंडल अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी (फून्नी) ने की। उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि यदि पत्रकार एकजुट रहेंगे तो किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या दबाव का सामना आसानी से किया जा सकता है। वहीं जिला अध्यक्ष संदीप (लवकुश) दुबे ने कहा कि पत्रकारों पर हो रहे उत्पीड़न और खबरों को लेकर होने वाले दबाव पर संघ गंभीर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर पत्रकार साथी की समस्या को संगठन प्राथमिकता के साथ उठाएगा।
बैठक में पूर्वांचल संरक्षक राजिंदर प्रसाद पांडेय ने भी संगठन के इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है जिसे ईमानदारी और साहस के साथ निभाया जाना चाहिए। बैठक में मुख्य रूप से ओमप्रकाश तिवारी (उपाध्यक्ष वाराणसी), विंध्यवासिनी मिश्र (तहसील कोषाध्यक्ष वाराणसी), कृष्णकांत अवस्थी (प्रचार मंत्री वाराणसी), राकेश दुबे (जिला संयोजक), हरीश कुमार सिंह (जिला प्रभारी वाराणसी), विकास रस्तोगी (जिला महासचिव), शाहरुख खान (तहसील महासचिव भदोही), रामचंद्र यादव (जिला उपाध्यक्ष भदोही) सहित दर्जनों पत्रकार साथी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन विकास रस्तोगी ने किया और आभार ज्ञापन ओमप्रकाश तिवारी ने किया।