घर-घर संपर्क कर पंच परिवर्तन और संघ यात्रा पर चर्चा करेंगे स्वयंसेवक

SIDHARTHNAGAR NEWS: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शोहरतगढ़ खंड एवं नगर इकाई की बैठक शनिवार की शाम सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में संपन्न हुई। बैठक में आगामी दो नवंबर से शुरू होने वाले गृह संपर्क अभियान की रूपरेखा तय की गई। अभियान के दौरान स्वयंसेवक घर-घर जाकर पंच परिवर्तन और संघ यात्रा को लेकर लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। बैठक में जिला प्रचारक विशाल ने बताया कि शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखते हुए पूरे वर्ष की कार्ययोजना तैयार है। प्रथम चरण में पथ संचलन एवं स्वयंसेवक एकत्रीकरण कार्यक्रम संपन्न हो चुका है, जबकि द्वितीय चरण का शुभारंभ दो नवंबर से गृह संपर्क अभियान के रूप में होगा। इस दौरान स्वयंसेवक समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाकर सामाजिक समरसता, स्व का बोध, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। गृह संपर्क के अंतर्गत सभी हिन्दू परिवारों को एक-एक पत्रक, ब्रॉशर, भारत माता का चित्र और स्टीकर नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे। यह सामग्री नगर टोली और खंड टोली के माध्यम से प्रत्येक मंडल स्तर तक पहुंचाई जाएगी। जिला प्रचारक ने खंड कार्यवाह पंकज श्रीवास्तव और नगर कार्यवाह अखिलेश वर्मा को निर्देश दिया कि गृह संपर्क अभियान से पहले प्रत्येक वार्ड और मंडल स्तर से 5 से 10 कार्यकर्ताओं का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाए, ताकि अभियान सुचारू रूप से चलाया जा सके। बैठक में रविकांत अग्रहरि, नरेन्द्र नाथ पांडेय, हर्षित शर्मा, सूरज निगम, महेश्वर शुक्ला, बुद्धसागर पाठक, राजेन्द्र मद्धेशिया, श्यामू गुप्ता और आकाश कन्नौजिया सहित अनेक स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *