धान से लदा ट्रक वैगन आर पर पलटा, दो युवकों की हुई दर्दनाक मौत

घटना में एक की हालत गंभीर, इलाज जारी
FATEHPUR NEWS: जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धान से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक वैगन आर कार पर पलट गया, जिससे कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना पहुर गांव के पास विशनामऊ मोड़ पर हुई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान बिंदकी थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी पंकज गौतम पुत्र विजय बहादुर और धीरू पुत्र रामखेलावन पटवा के रूप में हुई है। बिंदकी थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर निवासी जसवंत सिकदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सीओ बिंदकी प्रगति यादव, कल्याणपुर थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह और चौडगरा चौकी इंचार्ज चंदन सिंह मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है और मामले की प्रारंभिक जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *