Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSAMBI NEWS: सांसद पुष्पेन्द्र सरोज की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। सांसद ने गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पेंशन योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि कैंप लगाकर पात्र सभी लोगों को लाभान्वित किया जाय तथा प्रचार-प्रसार कर आमजन को जागरूक भी किया जाय। उन्होंने आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि आवास का लाभ दिलाने के नाम पर कोई भी,किसी से पैसा न लेने पाए। उन्होंने शीघ्र ही खनिज फाउंडेशन न्यास की बैठक आयोजित कराने के भी निर्देश दिए। सांसद ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त,एन.आर.एल.एम. से कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाई जाय तथा जनपद में स्टार्ट-अप विलेज बनाए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाय। उन्होंने कहा कि जनपद में स्थित जलाशयों/तालाबों के पुनरुद्धार के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाय। इसके साथ ही उन्होंने खेत-तालाब योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ए. आर.-कोऑपरेटिव से जनपद में डी.ए.पी. खाद की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि जनपद में पर्याप्त खाद की उपलब्धता सुनिश्चित बनाए रखी जाय, ताकि किसानों को कोई समस्या न होने पाए। इसके साथ ही ओवर रेटिंग न होने पाए, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाय। सांसद ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान कहा कि जनपद की प्रतिभावान छात्राओं को चिन्हित कर, उन्हें टैबलेट/लैपटॉप आदि देकर प्रोत्साहित किया जाय। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि कैंप लगाकर पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाय। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी से कहा कि छूटे हुए पात्र लोगों को व्यक्तिगत शौचालय से लाभान्वित किया जाय तथा आमजन को जागरूक किया जाय कि वे शौचालय का उपयोग करें, बाहर शौच के लिए न जाएं। सांसद ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा के दौरान कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों को शीघ्र ठीक करा दिया जाय। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से कहा कि टीम गठित कर ऐसे विद्यालयों को चिन्हित किया जाए, जहां पर पेयजल एवं बिजली की उपलब्धता नहीं है, उन विद्यालयों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाय। शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाय।उन्होंने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से पीएम- योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाय। सांसद ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना,पीएम कुसुम योजना अटल पेंशन, प्रधानमंत्री जनधन योजना,समग्र शिक्षा, नमामि गंगे, बाल संरक्षण एवं सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड आदि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेन्द्र फौजी व भरवारी कविता पासी, अध्यक्ष नगर पंचायत सिराथू भोला यादव, अध्यक्ष नगर पंचायत दारानगर रागिनी केसरवानी, अध्यक्ष नगर पंचायत अजुहा शांति देवी कुशवाहा, नामित सदस्य प्रदीप चौधरी, प्रतिनिधि विधायक सिराथू, प्रतिनिधि विधायक चायल एवं प्रतिनिधि विधायक विधान परिषद तथा जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी अपर जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह व शालिनी प्रभाकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।