सरदार पटेल ने भारत के निर्माण में दिया अतुलनीय योगदान:नंदी

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक होंगे कार्यक्रम
MIRZAPUR NEWS: प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने सोमवार को  जिला पंचायत सभागार में बैठक कर सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह भव्य हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा सहित सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में औद्योगिक विकास मंत्री नंदी ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” थीम पर मनाई जाएगी। यह कार्यक्रम खेल मंत्रालय, युवा कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किया जाएगा। मंत्री नन्दी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 565 रियासतों का एकीकरण कर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की नींव रखी। उनकी 150वीं जयंती 31 अक्टूबर 2025 को मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सरदार एट 150 यूनिटी मार्च का आयोजन 31 अक्टूबर से 25 नवंबर 2025 तक दो चरणों में होगा। इसमें मीरजापुर की पांचों विधानसभाओं में पदयात्रा आयोजित की जाएगी। जिसमें एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स और आमजन भाग लेंगे। 8-10 किमी लंबी पदयात्रा के दौरान जन जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
    उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से स्वच्छता अभियान, सरदार पटेल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, उनके जीवन पर आधारित संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, स्वदेशी मेला आदि का आयोजन किया जायेगा। ‘यात्रा के दूसरे और अन्तिम चरण में राष्ट्रीय पदयात्रा आयोजित होगी। 152 किलोमीटर लम्बी यह यात्रा उनके जन्मस्थान करमसद से शुरू होकर स्टेच्यू आफ यूनिटी केवड़िया में समाप्त होगी। यह यात्रा 26 नवम्बर 2025 से आरम्भ होकर 06 दिसम्बर 2025 तक चलेगी। मंत्री ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा माई भारत पहल के तहत स्कूलों और कॉलेजों में सोशल मीडिया रील, निबंध, पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह अभियान सरदार पटेल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। जिन्होंने देश को एकता के सूत्र में पिरोया। 140 करोड़ भारतीय उनके अतुलनीय योगदान को 150वीं जयंती पर श्रद्धा और सम्मान से याद कर रहे है। 31 अक्टूबर 2025 से शुरू होने वाला यह अभियान उनके अतुलनीय योगदान को याद करने और युवा वर्ग में राष्ट्रीय हितों और एकता के प्रति संकल्पित करने के लिए है। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की तैयारियों के लिए संबंधित विधायकों और पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें। पदयात्रा मार्गों पर सड़क गड्ढा मुक्त हो और ढीले तारों को दुरुस्त किया जाए। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था की है। यात्रा के दौरान हर 2 किमी पर पेयजल की व्यवस्था होगी। चौराहों पर ट्रैफिक और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। पदयात्रा में सिर्फ एम्बुलेंस शामिल होगी,अन्य वाहन नहीं। पदाधिकारियों और नागरिकों को सिर्फ तिरंगा झंडा ले जाने की अनुमति होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि एनसीसी, एनएसएस और स्काउट के बच्चों को साफ-सुथरे ड्रेस में यात्रा में शामिल किया जाए और पदयात्रा व अन्य कार्यक्रमों के लिए आवश्यक अनुमतियां समय से जारी की जाएं। भाजपा जिला अध्यक्ष बृज भूषण सिंह ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। 31 अक्टूबर को बिनानी चौराहा भरूहना पर स्थापित सरदार पटेल के प्रतिमा पर प्रातः 7 बजे रन फॉर यूनिटी और माल्यार्पण कार्यक्रम होगा।
जिसमें मानव श्रृंखला भी बनेगी। 1-7 नवंबर के बीच स्कूलों और कॉलेजों में भाषण, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी
जनपद के लोकसभा क्षेत्रान्तर्गत पाॅंचो विधानसभाओ में आयोजित होने वाले रन फार यूनिटी कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष ने बताया कि चुनार विधानसभा में 08 नवम्बर 2025 को परेड ग्राउंड चुनार से पदायात्रा का प्रारम्भ किया जाएगा जो चुनार नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गो से होते हुए पी0एन0डी0 इण्टर कालेज मे समापन होगी जिसकी कुल पदयात्रा की दूरी 08 किलोमीटर होगी। दिनांक 10 नवम्बर 2025 को मझवां विधानसभा अन्तर्गत गाॅंधी इण्टर कालेज कछंवा से प्रारम्भ होकर 08 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए राजकीय बालिका इण्टर कालेज कछंवा मे जाकर पदयात्रा का समापन किया जाएगा। विधानसभा छानबे मे दिनांक 14 नवम्बर 2025 को सरदार पटेल तिराहा तिलाव से लालगंज तक, विधानसभा नगर मे 17 नवम्बर 2025 को सरदार पटेल चैराहा भरूहना से पदायात्रा प्रारम्भ होकर नगर के विभिन्न मोहल्लो/मार्गो से होते हुए रामचन्द्र शुक्ल पार्क मे जाकर समापन किया जाएगा तथा मड़िहान विधानसभा मे 30 नवम्बर 2025 को पटेल प्रतिमा देवपुरा से प्रारम्भ होकर ददरा पहाड़ी मे जाकर समापन किया जाएगा। बैठक में विधायक मड़िहान रमांशकर सिंह पटेल, विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या, अध्यक्ष, जिला पंचायत राजू कनौजिया, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी बृज भूषण सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी, सांसद राज्यसभा के प्रतिनिधि धंनजय पाण्डेय के अलावा मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अजय कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी भाजपा ज्ञान प्रकाश दूबे, संजय यादव व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *