सोते युवक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 50% तक झुलसा अज्ञात हमलावर फरार, जिला अस्पताल में भर्ती

JAUNPUR NEWS: बक्शा थाना क्षेत्र के बेलापार गांव में रविवार की देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव के एक युवक को सोते समय अज्ञात लोगों ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, बेलापार गांव निवासी राजेन्द्र प्रसाद यादव का 30 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार यादव, जो वाहन चलाकर परिवार का गुज़ारा करता है, रविवार की रात करीब ढाई बजे नौपेड़वा बाजार के पीछे नहर किनारे स्थित अपने घर के टिनशेड के नीचे चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात लोग पहुंचे और उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।युवक की चीख-पुकार सुनकर परिवारजन मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर किसी तरह उसे नौपेड़वा सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक विनोद के शरीर का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा जल गया है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनके पहचान की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *