Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

किसानों को भारी नुकसान होने की जताई जा रही है आशंका
BHADOHI NEWS: अचानक मौसम का मिजाज बदलने से सोमवार की रात व मंगलवार की सुबह हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। बरसात से खेतों में पानी भर गया और धान की फसलें खेतों में गिर गई। जिसके चलते किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। सोमवार की रात के समय रुक-रुककर बारिश शुरू हुई। बरसात का यह सिलसिला मंगलवार की सुबह तक भी जारी रहा। बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की बालियां कीचड़ में गिर गई। जिससे पैदावार घटने का खतरा बढ़ गया है। इसके साथ ही लगातार नमी और जलभराव के चलते फसलों में जड़ सड़न और फफूंद संक्रमण की संभावना भी जताई जा रही है। धान के अलावा सब्जियों और दलहन की फसलों पर भी बारिश का प्रतिकूल असर पड़ा है। खेतों में पौधे पूरी तरह से झूक गए और अत्यधिक नमी के कारण वह सड़ने भी लगे हैं। किसान सुभाषचंद्र पाठक की मानें तो धान के खेतों में पानी इतना भर गया है कि अब मशीन से कटाई करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि बारिश ऐसे ही कुछ दिनों तक जारी रही तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। श्री पाठक ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को हुई नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा दिया जाए।