मौसम की बेरुख़ी पर भारी पड़ी आस्था, हजारों श्रद्धालुओं ने दिया उगते सूर्य को अर्घ्य

SIDHARTHNAGAR NEWS: लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। 25 अक्टूबर से नहाय-खाय के साथ आरम्भ हुआ यह चार दिवसीय पर्व मंगलवार को सूर्योपासना और अर्घ्यदान के साथ पूर्ण हुआ। बढ़नी नगर में यह पर्व परंपरा, स्वच्छता और सामूहिक आस्था की मिसाल बन गया। पश्चिम पोखरा और मुड़ीला पोखरा छठ घाटों की सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दूधिया रोशनी, आकर्षक सजावट और भक्ति भरे भजनों से वातावरण पूरी तरह धार्मिक बना रहा। सोमवार की संध्या में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद मंगलवार की भोर में श्रद्धालु परिवार सहित उदित सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचे। घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार की रात्रि से मौसम का मिजाज बिगड़ने और हल्की बूंदाबांदी के बावजूद लोगों की आस्था डिगी नहीं। हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पूरे उत्साह के साथ छठ मैया की पूजा-अर्चना में डटे रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि, बढ़नी नगर के आरएसएस प्रमुख, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी पवन पाठक, शिवम उपाध्याय सहित कई समाजसेवियों ने सेवा स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं को गाय का दूध, चाय, पानी और फल वितरित किए। घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद ठेकुआ और फलों का प्रसाद ग्रहण एवं वितरण किया। श्रद्धालु छठ मैया के भजनों पर झूमते हुए आस्था की अनोखी छटा बिखेरते नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान थानाध्यक्ष ढेबरुआ नरायन लाल श्रीवास्तव और चौकी प्रभारी अनिरुद्ध सिंह मय पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैदी से डटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *