Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया कार्यक्रम, मतदाता ऑनलाइन कर सकेंगे नाम की जांच
LAKHIMPUR KHERI NEWS: मंगलवार को मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का बिगुल बज चुका है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 निर्धारित की है। इसी आधार पर जिले के सभी विधान सभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का प्रगाढ़ पुनरीक्षण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
उक्त जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी/ डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस अवधि में निर्वाचक नामावली से जुड़े किसी भी अधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी का पद रिक्त नहीं रहेगा। साथ ही, पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों का स्थानांतरण भारत निर्वाचन आयोग की पूर्व अनुमति के बिना नहीं किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी / डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण की जांच अवश्य करें। मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन अपना नाम खोज सकते हैं।
निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियाँ घोषित
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की विस्तृत कार्ययोजना जारी कर दी गई है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग का कार्य 28 अक्टूबर 2025 (मंगलवार) से 3 नवम्बर 2025 (सोमवार) तक किया जाएगा। इसके पश्चात् 4 नवम्बर 2025 (मंगलवार) से 4 दिसम्बर 2025 (गुरुवार) तक घर घर जाकर गाणना प्रपत्र(एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरण का कार्य संपादित होगा। मतदान केन्द्रों का सभाजन 4 दिसम्बर 2025 तक पूर्ण किया जाएगा। प्रारूप निर्वाचक नामावली की तैयारी का कार्य 5 से 8 दिसम्बर 2025 के मध्य किया जाएगा। प्रारूप निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 9 दिसम्बर 2025 (मंगलवार) को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि 9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 (गुरुवार) तक निर्धारित की गई है। इसी अवधि में नोटिस जारी करने, सुनवाई, सत्यापन तथा दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 9 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 (शनिवार) तक समानांतर रूप से किया जाएगा । निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन हेतु भारत निर्वाचन आयोग की अनुमति 3 फरवरी 2026 (मंगलवार) तक प्राप्त कर ली जाएगी। तत्पश्चात् निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 7 फरवरी 2026 (शनिवार) को किया जाएगा।