Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने नीति आयोग की रिपोर्ट पर रोजगार में कमी पर मोदी सरकार को घेरा
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी राज्य बिहार के बाद बारह प्रदेशों में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को दबाव का फैसला कहा है। उन्होने सवाल उठाया कि जब सुप्रीम कोर्ट मे बिहार मे हुए एसआईआर को लेकर सुनवाई जारी है तब आयोग को इस प्रक्रिया को और आगे बढ़ाने की कौन सी जल्दबाजी है। उन्होने आयोग की तरफ निशाना साधते हुए कहा कि वह आखिर क्यों नही बता पा रहा है कि बिहार मे किस जाति और किस धर्म के लोगो के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होने कहा कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह बार बार यह कह रहे हैं कि बिहार मे घुसपैठिए हैं। बुधवार को नगर स्थित विधायक आराधना मिश्रा मोना के कैम्प कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में उन्होने पीएम और गृहमंत्री की इस बयानबाजी को कटघरे मे खड़ा करते हुए यह भी सवाल दागा कि तब भी आयोग एक बार भी नही बता पाया कि वहां उसे कितने घुसपैठिये मिले। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि आयोग आसाम मे एसआईआर नही करा रहा है। उन्होने कहा कि इस आधार पर यदि एसआईआर का मामला सुप्रीम कोर्ट मे विचाराधीन है तब अदालत के आदेश का इंतजार क्यों नही किया गया। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि स्वायतशाषी संस्था के रूप में चुनाव आयोग की इस प्रकिया से देश के सामने नियत और विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा होना लाजमी है। उन्होने कहा कि एसआईआर के जरिए निर्वाचन आयोग और भाजपा की वोट चोरी की नीयत का भी पूरे देश के सामने बेनकाब हो चुकी है। राज्यसभा मे विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने जम्मू कश्मीर के लोपा वैली में पाकिस्तान के ताजा सीजफायर के दुस्साहस की भी कडी आलोचना की। उन्होने कहा कि मोदी सरकार की ढुलमुल विदेश नीति के कारण अर्न्तराष्ट्रीय मंचों पर देश को मजबूत समर्थन न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होने कहा कि दुनिया जानती है कि पाकिस्तान आतंकवाद का पोषक है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि देश की बहादुर सेना पाक अधिकृत कश्मीर मे घुस रही थी तब अमेरिकी दबाव मे सीजफायर से पाकिस्तान का आवांछित मनोबल बढ़ गया। वार्ता के दौरान कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने नीति आयोग की कम रोजगार को लेकर ताजा रिपोर्ट को लेकर भी मोदी सरकार की तगड़ी घेराबंदी की। उन्होने कहा कि इस रिपोर्ट से यह साफ जाहिर है कि नौकरियों के जरिए रोजगार को बढ़ावा देने के लिए मोदी सरकार संरचनात्मक सुधारों मे विफल रही है। उन्होने कहा कि मंहगाई के साथ सेवा क्षेत्र मे रोजगार को लेकर एक तिहाई से कम भी छोटी छोटी नौकरियां भाजपा की जुमलेबाजी को उजागर कर गया है। इसके पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होने कार्यकर्ताओं से बिहार मे एसआईआर मे आई गड़बडियों को देखते हुए प्रदेश में चलाए जा रहे अभियान पर सतर्क दृष्टि रखने को कहा। सांगीपुर के भवानीगढ़ गांव में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने पूर्व प्रधान रामकरन ओझा के संयोजन में श्रीमदभागवत कथा में शामिल हुए। कटेहटी स्थित संकटमोचक हनुमान मंदिर मे सामूहिक श्रीराम कथा मे राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने परोपकार तथा विकास के वातावरण की भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया। अमावां पूरे मुरली में हरिकेश कुमार मिश्र के संयोजन में आयोजित श्रीमदभागवत कथा मे भी सांसद प्रमोद तिवारी ने कथावाचक सम्पूर्णानंद जी महराज को सम्मानित किया। लालगंज बाजार में श्रीरामजानकी मंदिर के मुख्य व्यवस्थापक जीतलाल गुप्ता के आकस्मिक निधन पर सांसद प्रमोद तिवारी ने परिजनो से मिलकर संवेदना प्रकट की। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, प्रमुख अमित सिंह पंकज, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, सांगीपुर प्रमुख अशोक सिंह बबलू, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, डॉ0 अमिताभ शुक्ल, केडी मिश्र, पन्नेलाल पाल, आशीष कौशल, सुरेन्द्र सिंह ददन, कुंवर ज्ञानेन्द्र सिंह, रामकृपाल पासी, दृगपाल यादव, अरविंद मिश्र, रामबोध शुक्ला, मुरलीधर तिवारी, शेरू खां, हरकेश वर्मा, श्रीधर तिवारी, त्रिभु तिवारी, अतुल शुक्ला, इम्तियाज खां, पप्पू तिवारी, सिंटू मिश्र आदि रहे।