नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की प्रेसवार्ता, जनपद के समग्र विकास को बताया प्राथमिकता

SIDHARTHNAGAR NEWS: नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बुधवार को जनपद के प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने सभी पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और जिले में विकास कार्यों की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। जिलाधिकारी ने बताया कि वे 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं तथा कर्नाटक राज्य के मूल निवासी हैं। इससे पूर्व वे चित्रकूट में जिलाधिकारी, गाजीपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, देवरिया में मुख्य विकास अधिकारी एवं कानपुर नगर में नगर आयुक्त के पद पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर आकांक्षी जनपद है और इसे शीघ्र ही विकसित जनपद की श्रेणी में लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता और शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकता होगी। पंचायत चुनाव के पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी ढंग से संचालित करने की बात कही। साथ ही सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस में जिले के प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर जोर दिया। प्रेसवार्ता के अंत में जिलाधिकारी ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय से ही जनपद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) गौरव श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञान प्रकाश सहित अन्य मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *