Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जगद्गुरु रामभद्राचार्य व देतापति भगवान दास महाराज होंगे मुख्य अतिथि
FATEHPUR NEWS: रामगंज पक्का तालाब परिसर में आगामी 2 नवम्बर 2025 (रविवार) को श्री जगन्नाथ भगवान मंदिर के भूमिपूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी पूरा जनपद बनने जा रहा है।
यह भव्य कार्यक्रम समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी के प्रयासों से संपन्न होगा। मंदिर निर्माण विराजमान मंदिर ट्रस्ट फतेहपुर (उ.प्र.) के तत्वावधान में कराया जा रहा है। कार्यक्रम में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज (चित्रकूट पीठाधीश्वर) मुख्य अतिथि के रूप में और देतापति भगवान दास जी महाराज (प्रधान, देतापति सेवायत, श्रीजगन्नाथ धाम पुरी, ओडिशा) विशिष्ट अतिथि के रूप में पधार रहे हैं। मंच पर देशभर के अनेक प्रसिद्ध संत-महंतों की पावन उपस्थिति रहेगी। जिनमें श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर रामनरेश दास जी महाराज (अयोध्या), स्वामी अवधूत शिवानंद सरस्वती (काशी), महामंडलेश्वर गोपालानंद जी महाराज (हरिद्वार), महामंडलेश्वर ज्ञानानंद सरस्वती (उज्जैन) समेत कई संत शामिल हैं। कार्यक्रम आयोजक संतोष तिवारी ने कहा कि फतेहपुर की धरती पर महाप्रभु जगन्नाथ का मंदिर निर्माण हमारा वर्षों का सपना था। भगवान जगन्नाथ की कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से यह सपना साकार होने जा रहा है। हम चाहते हैं कि यह मंदिर आध्यात्मिकता, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक बने। कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार प्रातः 10 बजे होगा। भूमि पूजन के साथ हवन, वैदिक मंत्रोच्चार और आशीर्वचन का आयोजन रहेगा। जनपद के श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और “जय जगन्नाथ” के उद्घोष से वातावरण को भक्तिमय बनाएं।